
The Bikaner Times – चीन में मिला नया वायरस , इंसानों में संक्रमण का खतरा, देखें पूरी खबर…
बीजिंग: चीन के वैज्ञानिकों ने चमगादड़ों में एक नए वायरस HKU5-CoV-2 की खोज की है, जो इंसानों में संक्रमण फैलाने की क्षमता रखता है। यह वायरस उन्हीं प्रोटीन का उपयोग कर कोशिकाओं में प्रवेश करता है, जो कोविड-19 के लिए जिम्मेदार SARS-CoV-2 में पाए गए थे। हाल ही में वुहान इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी और अन्य संस्थानों के वैज्ञानिकों ने इस वायरस पर रिसर्च की है।
कैसे फैला सकता है यह वायरस?
HKU5-CoV-2 वायरस Merbecovirus सब-ग्रुप से संबंधित है, जिसमें मिडिल ईस्ट में महामारी फैलाने वाला MERS वायरस भी शामिल था। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह वायरस इंसानों की आंतों और श्वसन तंत्र की कोशिकाओं में प्रवेश कर सकता है, लेकिन SARS-CoV-2 की तुलना में इसकी संक्रमण फैलाने की क्षमता कम है।
वैज्ञानिकों की चेतावनी
चीनी वैज्ञानिक शी झेंगली, जिन्हें “बैटवुमन” कहा जाता है, ने इस वायरस पर गहराई से अध्ययन किया है। उन्होंने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि HKU5-CoV-2 सीधे जानवरों से इंसानों में फैल सकता है या नहीं। हालांकि, इसकी संक्रमण क्षमता को देखते हुए इस पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
अभी चिंता की जरूरत नहीं
रिसर्च में यह पाया गया है कि यह वायरस इंसानों में आसानी से नहीं फैलता, इसलिए इसे लेकर ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है। हालांकि, वैज्ञानिक इस पर लगातार अध्ययन कर रहे हैं ताकि भविष्य में किसी भी संभावित महामारी को रोका जा सके।