
The Bikaner Times – पूर्व पीएम के पोते रेप केस में दोषी करार, 2000 से ज्यादा अश्लील वीडियो बरामद, देखें पूरी खबर…
बेंगलुरु।
देश की राजनीति को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते और जेडीएस के नेता व हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु की विशेष अदालत ने रेप के एक मामले में दोषी करार दिया है। अदालत शनिवार को सजा का ऐलान कर सकती है। यह मामला उनके फार्महाउस पर काम करने वाली एक महिला कर्मचारी से दुष्कर्म से जुड़ा है।
प्रज्वल रेवन्ना इस समय एक नहीं, बल्कि चार अलग-अलग बलात्कार और यौन शोषण के मामलों में आरोपी हैं। अदालत ने जिस केस में उन्हें दोषी माना है, वह होलेनारसीपुरा ग्रामीण थाने में दर्ज पहला मामला था, जिसकी शिकायत अप्रैल 2024 में की गई थी।
कैसे हुआ खुलासा?
पीड़िता ने आरोप लगाया कि रेवन्ना ने 2021 से उसके साथ कई बार बलात्कार किया। उसने यह भी दावा किया कि प्रज्वल रेवन्ना ने उससे शारीरिक संबंध बनाए, उनका वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करते रहे। जांच के दौरान करीब 2000 से अधिक अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं, जिनमें अन्य पीड़ित महिलाओं से संबंधित फुटेज भी शामिल हैं।
अन्य केस और परिवार पर बढ़ता दबाव
रेवन्ना पर बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दो अन्य केस दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई फिलहाल चल रही है। इस घिनौने प्रकरण की आंच अब पूरे रेवन्ना परिवार तक पहुंच चुकी है। प्रज्वल के पिता और विधायक एचडी रेवन्ना पर भी केस दर्ज किया गया है। उनकी भूमिका की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रही है।
राजनीतिक हलकों में हलचल
प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी और दोष सिद्ध होने से कर्नाटक की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। जेडीएस पार्टी और पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की छवि पर भी गंभीर सवाल उठे हैं।
अब सभी की निगाहें शनिवार को अदालत के सजा के ऐलान पर टिकी हैं। क्या यह फैसला यौन अपराधों के खिलाफ एक कड़ा संदेश देगा या राजनीति की पकड़ एक बार फिर कानून से ऊपर साबित होगी?