
The Bikaner Times – ट्रंप का दावा: भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध रोकने में निभाई बड़ी भूमिका
वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उनके प्रयासों से भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध टल गया था। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के बीच तनाव इस कदर बढ़ गया था कि वे परमाणु युद्ध के मुहाने पर पहुंच चुके थे।
ट्रंप ने कहा, “हालात बेहद गंभीर हो गए थे। अगला कदम क्या होता, आप जानते हैं… ‘न वर्ड’ यानी न्यूक्लियर वॉर।” उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों देशों को युद्ध रोकने के बदले व्यापारिक प्रस्ताव दिए थे और शांति स्थापना के लिए कूटनीतिक दबाव बनाया।
पूर्व राष्ट्रपति ने इस घटनाक्रम को अपनी विदेश नीति की एक बड़ी सफलता बताया, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें इस प्रयास का उचित श्रेय नहीं मिला। ट्रंप ने कहा, “अब मैं बिजनेस का इस्तेमाल हिसाब चुकता करने और शांति स्थापित करने के लिए कर रहा हूं।”
गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में मध्यस्थता की पेशकश कर चुके हैं, हालांकि भारत ने हमेशा दोपक्षीय वार्ता के पक्ष में ही बात की है।