कल रविन्द्र सिंह भाटी भर सकते हैं निर्दलीय से नामांकन,बन सकते हैं बागी

The Bikaner Times –सात दिन पहले भाजपा जॉइन करने वाले जयनारायण व्यास (जेएनवीयू) यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह भाटी ने निर्दलीय चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं। सोमवार को वे नॉमिनेशन भर सकते हैं। शनिवार को ट्वीट कर जनता से समर्थन भी मांगा। जानकारी के अनुसार रविंद्र सिंह भाटी पिछले काफी समय से बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय थे। कयास लगाया जा रहा था कि वे शिव से विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। सात दिन पहले ही जयपुर में भाजपा प्रभारी अरूण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में बीजेपी जॉइन की थी। इसके बाद से ये तय माना जा रहा था कि शिव विधानसभा से उनका टिकट तय है। हालांकि शुक्रवार सुबह बीजेपी ने इस सीट से स्वरूप सिंह खारा को मैदान में उतार दिया।

शनिवार को ट्वीट किया, छ: को नामांकन भरेंगे
रविंद्र सिंह भाटी ने बताया कि वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे और 6 को नामांकन भरेंगे। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- जन सेवा को परम कर्तव्य मानकर अपने जीवन की शुरुआत की है और उसके लिए पूर्ण सक्षमता से संघर्ष किया है।
अब आगे की राह स्वयं जनता तय करें, मेरे अपने तय करें, मेरे शुभचिंतक तय करें। जो आपका निर्णय है, वही मेरा निर्णय है।


रवींद्र सिंह भाटी के समर्थक नाराज
इधर, शिव से स्वरूप सिंह खारा को टिकट मिलने के बाद रविंद्र सिंह के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया था। इसे लेकर भाटी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी की है। उन्होंने इसमें समर्थकों से अपील की है कि आगे की रूपरेखा वही तय करेंगे।