
The Bikaner Times – IMD की चेतावनी: 2024 सबसे गर्म साल, 2025 भी तोड़ सकता है रिकॉर्ड
नई दिल्ली: जलवायु परिवर्तन का असर अब तेजी से मौसम पर दिखने लगा है। इस बार ठंड उम्मीद से काफी कम रही, और अब मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल वसंत का मौसम लगभग गायब रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च की शुरुआत में तापमान में अचानक बढ़ोतरी होगी, जिससे वसंत का अनुभव नहीं होगा और गर्मी जल्द शुरू हो जाएगी।
फरवरी में सामान्य से ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल फरवरी में देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में सामान्य से 20% कम बारिश होगी। बारिश की कमी से हवा में नमी घटेगी और तापमान तेजी से बढ़ेगा। दक्षिणी राज्यों में अभी से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। आमतौर पर यहां फरवरी में तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक रहता है, लेकिन इस बार कई इलाकों में तापमान 33 से 37 डिग्री तक पहुंच चुका है।
जलवायु परिवर्तन का असर बढ़ा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बीते कुछ सालों में वसंत ऋतु के दिन तेजी से घट रहे हैं। आमतौर पर फरवरी मध्य से अप्रैल की शुरुआत तक करीब 45-60 दिनों तक वसंत का मौसम रहता था, लेकिन अब यह अवधि लगातार कम हो रही है।
2024 रहा सबसे गर्म साल, 2025 भी रिकॉर्ड तोड़ने की ओर
विशेषज्ञों के मुताबिक, 2024 अब तक का सबसे गर्म साल रहा है। पिछले 10 वर्षों में इतिहास के 5 सबसे गर्म साल दर्ज किए गए हैं। वहीं, 2025 का जनवरी भी अब तक का तीसरा सबसे गर्म जनवरी रहा। इस दौरान देश में 70% कम बारिश हुई, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी 80% तक कम दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन हफ्तों में देश के अधिकतर हिस्सों में औसत तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर ग्लोबल वार्मिंग की यही रफ्तार रही, तो आने वाले वर्षों में मौसम में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।