
The Bikaner Times – साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 51 करोड़ की धोखाधड़ी में 6 आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर: पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 51 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शहर के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में और व्यास कॉलोनी थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी बैंक खातों को किराए पर देकर अवैध लेनदेन में शामिल थे और बदले में मोटा कमीशन लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 75 संदिग्ध बैंक खाते, 16 चेक बुक, 23 एटीएम कार्ड, 3 फर्म की सील और कई अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह केरल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान समेत देशभर के 20 राज्यों में साइबर फ्रॉड को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तार आरोपी:
- समर्थ सोनी
- धर्मनारायण
- रोहित सिंह सोलंकी
- शिवनारायण सिंह
- विकास बिश्नोई
- गुरुदेव बिश्नोई
इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। टीम का नेतृत्व खान मोहम्मद आरपीएस, सुरेंद्र पचार पुनि, दीपक यादव सउनि, रामकरण सउनि सहित अन्य अधिकारियों ने किया।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।