सबसे तेज़, सबसे भरोसेमंद

राजस्थान बोर्ड परीक्षा की तारीखों में बदलाव, देखें पूरी खबर…

The Bikaner Times – राजस्थान बोर्ड परीक्षा की तारीखों में बदलाव, देखें पूरी खबर…

जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया है। अब ये परीक्षाएं 6 मार्च 2025 से शुरू होंगी। पहले यह परीक्षाएं 20 फरवरी और 27 फरवरी से आयोजित की जानी थीं। बदलाव का कारण 27 फरवरी 2025 को आयोजित होने वाली राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET)-2024 है।

बोर्ड सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि REET में 11 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए सिटिंग अरेंजमेंट और स्टाफ की नियुक्ति सहित अन्य व्यवस्थाएं करनी होंगी, जिससे एक ही समय पर दोनों परीक्षाएं आयोजित कराना संभव नहीं था। इस कारण बोर्ड ने अपनी पूर्व निर्धारित परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया है।

20 लाख छात्र देंगे बोर्ड परीक्षा
बोर्ड की परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं कक्षाओं के लगभग 20 लाख छात्रों ने आवेदन किया है। पहले उच्च माध्यमिक, उच्च माध्यमिक (व्यावसायिक), और वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होने वाली थी। वहीं, माध्यमिक, माध्यमिक (व्यावसायिक), और प्रवेशिका परीक्षा 27 फरवरी से आयोजित की जानी थी। अब ये सभी परीक्षाएं 6 मार्च 2025 से शुरू होंगी।

REET-2024 पर विशेष फोकस
REET परीक्षा राज्य की प्रमुख शिक्षक पात्रता परीक्षा है, जिसमें बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल होते हैं। इस वर्ष REET-2024 के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन को व्यापक इंतजाम करने हैं। इसके लिए शेड्यूल में बदलाव अनिवार्य था।