
The Bikaner Times – मैरिज करने वाले युवक की अपहरण के बाद पीट-पीटकर हत्या, देखें पूरी खबर…
नागौर, राजस्थान। जिले के जायल क्षेत्र में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लव मैरिज करने पर नाराज ससुराल पक्ष ने युवक सहदेव राम (28) का पहले अपहरण किया और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शव को जायल के तेजासर गांव के मेहरवास रोड स्थित एक खेत में फेंककर फरार हो गए।
मृतक सहदेव राम नागौर जिले के रोल थाना क्षेत्र के रातंगा गांव का निवासी था। वह नवंबर 2024 में प्रेम विवाह कर कोर्ट मैरिज के जरिए अपनी पसंद की युवती से शादी कर चुका था, जिससे ससुराल पक्ष नाराज चल रहा था। उसने विवाह के बाद पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी।
12 जून को अजमेर गया था परीक्षा देने
परिजनों के अनुसार, सहदेव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और 12 जून को नर्स भर्ती परीक्षा देने अजमेर गया था। इसके बाद से वह लापता हो गया। सहदेव के पिता रामदेव ने शनिवार दोपहर नागौर के सिविल लाइन थाने में बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने ससुर, चाचा ससुर, साढ़ू और साली पर संदेह जताया था।
कुछ ही घंटों बाद जायल क्षेत्र के एक खेत में सहदेव का शव मिला, जिसे पिता ने फोटो देखकर पहचाना। पुलिस ने अपहरण के बाद हत्या की धाराएं जोड़कर मामला दर्ज किया है।