
The Bikaner Times –बीकानेर में जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर साधे निशाने
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को श्रीकोलायत दौरे पर रहे। उन्होंने बीकानेर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में देश को विदेशों से हथियार खरीदने पड़ते थे, लेकिन ये नया भारत है, जहां देश खुद हथियार बना रहा है।
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कई बार हमले करते हुए कहा कि राजस्थान की पहचान अब घड़े पर घड़ा रखकर जाती महिला नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भारत बहुत बदल गया है। हम पहले हथियार खरीदते थे और अब हथियार खुद बनाते हैं। हम अब सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं तो इस पर कांग्रेस सवाल खड़े करती है। ये आधुनिक और समर्थ भारत है, जिसे दुनिया देख रही है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जनता को जनार्दन मानती है लेकिन कांग्रेस परिवार को जनार्दन मानती है। कांग्रेस और भाजपा में ये ही बड़ा अंतर है। कांग्रेस के राज में राजस्थान की पहचान घड़े पर घड़ा रखे जा रही महिला थी, लेकिन अब हर घर तक पान पहुंचाया जा रहा है तो ये तस्वीर भी बदल रही है। उन्होंने गरीब परिवारों को मकान देने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकांश लोगों को पक्के मकान मिल गए हैं, जो रह गए हैं, उन्हें जल्द मिलेगा।
इस दौरान कार्यक्रम के मंच पर भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल, पूर्व मंत्री सीआर चौधरी, पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी, केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, विधायक जेठानंद व्यास, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, विधायक ताराचंद सारस्वत, विधायक सिद्धि कुमारी, विश्वकर्मा बोर्ड के चैयरमेन रामगोपाल सुथार, जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी, महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित मौजूद रहे।


