Thebikanertimes:- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। थाना अरनपुर क्षेत्र में नक्सलियों ने डीआरजी की टीम पर हमला कर दिया। इसमें 11 जवान शहीद हो गए हैं। 6-7 जवानों के घायल होने की भी सूचना है। ताजा जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच अभी भी मुठभेड़ जारी है।
जानकारी के मुताबिक माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर दन्तेवाड़ा से डीआरजी बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। वापसी के दौरान माओवादियों ने अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट किया, जिससे अभियान में शामिल 10 डीआरजी जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक नक्सलियों को डीआरजी के जवानों के अभियान की पहले से जानकारी थी। उन्होंने योजना बनाकर उन पर हमला किया।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों की मुखबिरी की वजह से ही नक्सलियों ने ब्लास्ट किया है। शहीद हुए सभी जवान डीआरजी के हैं। डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे। कल बुधवार को बारिश होने की वजह से वो फंसे हुए थे। डीआरजी की टीम फंसे जवानों को लेने प्राइवेट वाहन से जा रही थी।
सीएम भूपेश बघेल ने पूरे मामले पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नक्सलियों के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी जा रही है, वह अंतिम दौर में चल रही है। इसी की हताशा में वे इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। नक्सलियों को किसी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा। योजनाबद्ध तरीके से रणनीति बनाकर नक्सलवाद को समाप्त करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
आइए आपको बताते हैं 13 ऐसे ही हमलों के बारे में जो अब तक दंतेवाड़ा में हो चुके हैं –
- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सबसे बड़ा नक्सली हमला 6 अप्रैल 2010 को हुआ था जिसमें 76 जवान शहीद हो गए थे।
- 25 मई 2013 जीरम घाटी हमला हुआ था। उस हमले में नक्सलियों ने एक परिवर्तन यात्रा पर हमला कर दिया था जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सहित 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
- एक बार फिर 11 मार्च 2014 को जीरम घाटी पर हमला हुआ था जिसमें 14 जवान शहीद हो गए थे।
- 12 अप्रैल 2014 को छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सली हमला हुआ था जिसमें 5 जवानों समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी।
- अगस्त 2014 में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों की गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे।
- अप्रैल 2015 में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में नक्सलियों के बिछाए बारुदी सुरंग के फटने से सुरक्षा बल के 4 जवान शहीद हो गए जबकि 8 घायल हो गए थे।
- मार्च 2017 में बस्तर में हुए नक्सली हमले में CRPF की 219वीं बटालियन के जवान शहीद हो गए थे।
- मार्च 2017 में ही छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में लैंडमाइन ब्लास्ट में CRPF के 7 जवान मारे गए।
- पिछले महीने 11 मार्च को नक्सलियों ने सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन को निशाना बनाया था जिसमें 12 जवान शहीद हो गए थे।
- अप्रैल 2017 को हुए नक्सली हमले में 25 सीआरपीएफ के जवान शहीद हो गए थे।
- मार्च 2020 में सुकमा में हुए नक्सली हमले में डीआरजी-एसटीएफ के 17 जवान शहीद हुए थे और करीब 14 जवान घायल हुए थे।
- अप्रैल 2021 में छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा बॉर्डर में हुए नक्सली हमले में 22 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि कई जवान घायल भी हुए थे।
- आज यानी 26 अप्रैल 2023 को हुए हमले में डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए, इसे इस साल का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।
